कार्यकर्ता पीएम मोदी की मन की बात कार्यक्रम को सुनें और लोगों के साथ मन की बात करें
पंचकूला स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पंचकमल में हुई प्रदेश स्तरीय कार्यशाला
मुख्यमंत्री,भाजपा अध्यक्ष समेत कई नेता हुए शामिल
चंडीगढ़, 24 जून (Udaipur Kiran) । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए हरियाणा को विकसित राज्य बनाएंगे। मुख्यमंत्री सैनी मंगलवार को पंचकूला स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पंचकमल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रय ‘‘मन की बात’ कार्यक्रम को लेकर आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यकर्ता सभी बूथों पर 100 प्रतिशत पीएम मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुनना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री के मन की बात भी सुनें और लोगों के साथ मन की बात भी करें।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता कर्मठ और कर्तव्यनिष्ठ हैं। कार्यकर्ताओं की मेहनत और परिश्रम के कारण ही केंद्र और हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि कार्यकर्ता सभी बूथों पर 100 प्रतिशत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात को सुनना सुनिश्चित करें।
सैनी ने कहा कि ‘‘मन की बात’’ कार्यक्रम राजनीति से ऊपर उठकर है। मन की बात कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समाज व देश के लिए अच्छा काम करने वालों को प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने कहा कि पीएम के मन की बात कार्यक्रम को सुनने के बाद कार्यकर्ताओं में एक नई ऊर्जा का संचार होता है। सीएम सैनी ने कहा कि पीएम मोदी की अगुवाई में देश विकास के रास्तों पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि 70 वर्ष से अधिक उम्र के जिन लोगों के आयुष्मान कार्ड नहीं बनें हैं उनका कार्यकर्ता आयुष्मान कार्ड बनवाने में मदद करें। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता स्वयं भी पौधे लगाएं और दूसरे लोगों को भी एक पेड़ मां के नाम अवश्य लगाने के लिए प्रेरित करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तरक्की कर रहा है। कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए उन्होंने कहा हर बूथ पर लोगों को मोदी और हरियाणा भाजपा सरकार की उपलब्धियां बताएं और योजनाओं से लोगों को अवगत कराएं।
कार्यशाला को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने भी संबोधित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को जनमानस से आत्मीय जुड़ाव का सशक्त माध्यम बताया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘‘मन की बात’’ कार्यक्रम केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि जनमानस से आत्मीय जुड़ाव का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि मन की बात कार्यक्रम सेवा, प्रेरणा और राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृद्ध करता है। कार्यशाला में बड़ौली ने अच्छा काम करने वाले कार्यकर्ताओं की तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि पिछली बार 17 हजार 663 बूथों पर मन की बात कार्यक्रम को सुना और अपलोड किया गया। इस बार कार्यकर्ता 20 हजार 629 बूथों पर मन की बात कार्यक्रम को सुनें और अपलोड कर हरियाणा को नंबर-1 बनाएं।
संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने भी कार्यशाला में आए सभी कार्यकर्ताओं से संवाद किया और कार्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता 100 प्रतिशत बूथों पर पीएम मोदी के कार्यक्रम मन की बात सुनें और एक पेड़ मां के नाम लगाए। कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक एवं प्रदेश महामंत्री सूरेंद्र पूनिया ने भी कार्यशाला को संबोधित किया। कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और संगठन मंत्री ने पौधारोपण भी किया।
कार्यशाला में प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, प्रदेश आईटी प्रमुख एवं मन की बात प्रदेश टोली सदस्य आदित्य चावला, मन की बात प्रदेश टोली सदस्य भारत भूषण जुयाल, मन की बात प्रदेश टोली सदस्य मनोज ढाना, मन की बात प्रदेश टोली सदस्य नरेंद्र भारती, मन की बात की प्रदेश टोली, लोकसभा संयोजक, जिला संयोजक – सह संयोजक, मंडल संयोजक, प्रदेश आईटी टोली और जिला आईटी प्रमुख शामिल हुए।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा
You may also like
मिया माल्कोवा: एडल्ट फिल्म इंडस्ट्री के राज और चुनौतियाँ
कोलकाता से अमृतसर जा रही ट्रेन में महिला पर पेशाब करने का मामला
टॉयलेट में मोबाइल का उपयोग: स्वास्थ्य पर पड़ने वाले गंभीर प्रभाव
बीड़ी का अंग्रेजी नाम: जानें इसके बारे में रोचक तथ्य
मुरादाबाद में छात्रा की आत्महत्या: शोषण और पुलिस की लापरवाही का मामला