Next Story
Newszop

एफआईएच हॉकी प्रो लीग: देर से मिले गोलों ने भारत की उम्मीदों पर फेरा पानी, बेल्जियम से 3-6 की हार

Send Push

एंटवर्प, 21 जून (Udaipur Kiran) । एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2024–25 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम को शनिवार को मेजबान बेल्जियम के खिलाफ 3–6 की करारी हार का सामना करना पड़ा। भारत की ओर से दिलप्रीत सिंह (36′), मंदीप सिंह (38′) और अमित रोहिदास (56′) ने गोल किए, लेकिन बेल्जियम ने आखिरी क्वार्टर में लगातार गोल करते हुए मुकाबले को अपने नाम कर लिया।

बेल्जियम के लिए आर्थर वैन डोरेन (1’, 54’) ने दो गोल किए, जबकि अलेक्जेंडर हेन्ड्रिक्स (28′), रोमन डूवेकॉट (49′), थिबो स्टॉकब्रुक्स (53′) और टॉम बून (59′) ने एक-एक गोल दागे।

मैच की शुरुआत से ही भारत दबाव में नजर आया। बेल्जियम ने पहले 20 सेकंड में दो पेनल्टी कॉर्नर अर्जित किए। भले ही गोलकीपर सूरज करकेरा ने हेन्ड्रिक्स के ड्रैग फ्लिक को रोका, लेकिन आर्थर वैन डोरेन ने रिबाउंड पर गोल कर मेजबान टीम को बढ़त दिला दी।

भारत ने दूसरे क्वार्टर में वापसी की कोशिश की और दो पेनल्टी कॉर्नर भी अर्जित किए, लेकिन उन्हें गोल में बदलने में असफल रहे। इसी बीच, बेल्जियम ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को अलेक्जेंडर हेन्ड्रिक्स के जरिए गोल में बदलते हुए हाफ टाइम तक स्कोर 2–0 कर दिया।

तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में भारत ने दमदार प्रदर्शन किया। जुगराज सिंह के ड्रैग फ्लिक पर मिले रिबाउंड को दिलप्रीत सिंह ने शानदार अंदाज में गोल में तब्दील किया। कुछ ही पलों बाद, विवेक सागर प्रसाद के बेहतरीन पास पर मंदीप सिंह ने टच लेते हुए गोल किया, और स्कोर 2–2 कर दिया।

फाइनल क्वार्टर में बेल्जियम ने खेल पर फिर से पकड़ मजबूत कर ली। रोमन डूवेकॉट ने नजदीक से गोल कर टीम को फिर से बढ़त दिला दी। इसके बाद थिबो स्टॉकब्रुक्स और वैन डोरेन ने दो और गोल कर स्कोर 5–2 कर दिया।

भारत ने हार नहीं मानी और अमित रोहिदास ने 56वें मिनट में एक शानदार पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलते हुए स्कोर 5–3 किया। राजिंदर सिंह भी गोल के करीब पहुंचे, लेकिन आर्थर डी स्लूवर ने लाइन पर शानदार बचाव किया।

अंत के क्षणों में टॉम बून ने बेल्जियम की ओर से छठा गोल दागकर भारत की वापसी की सभी उम्मीदों को खत्म कर दिया।

—————

(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय

Loving Newspoint? Download the app now