Next Story
Newszop

जबलपुर: संपत्ति विवाद में पिता ने बेटे काे मारी गाेली, दूसरी पत्नी के साथ मिलकर किया जानलेवा हमला

Send Push

जबलपुर, 26 जून (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में एक पिता ने अपने बेटे काे गाेली मार दी। आराेपी पिता ने संपत्ति विवाद में दूसरी पत्नी के साथ मिलकर बेटे पर जानलेवा हमला किया। गोली बेटे के हाथ और पैर में लगी है। गोली लगने के बाद घायल बेटा किसी तरह भागकर थाने पहुंचा। पुलिस ने पीड़ित को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। वही वारदात काे अंजाम देने के बाद आराेपित पिता और सौतेली मां फरार हैं।बेटे की शिकायत पर माढ़ोताल थाना पुलिस ने उसके पिता और सौतेली मां के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी अनुसार घटना बुधवार देर रात करीब एक बजे माढ़ोताल थाना अंतर्गत कचनारी गांव की है। पीड़ित आकाश पटेल ने पुलिस को बताया कि, बुधवार की रात पिता ने फाेन कर घर बुलाया। मैं रात करीब 1 बजे बाइक से पिता के पास कचनारी गांव पहुंचा। वहां सौतेली मां भी मौजूद थी। बातचीत के दौरान सौतेली मां ने गालियां दीं। मारपीट करने लगी। बातचीत के दौरान सौतेली मां कमरे में गई और पिता को पिस्टल लाकर दी। बोली- इसे खत्म कर दो, जिंदा रहेगा तो परेशान करेगा, हक मांगेगा। इसके बाद पिता ने पहले हाथ में गोली मारी। मैं भागा तो फिर फायर किया, गोली पैर में लगी। आकाश घायल हालत में ही माढ़ोताल थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई।

थाना प्रभारी नीलेश दोहरे ने बताया, देर रात घायल युवक थाने आया था। उसे तुरंत इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। फायरिंग में इस्तेमाल की गई पिस्टल लाइसेंसी थी या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। दीनदयाल चौक में रहने वाले आकाश ने बताया कि 2008 में उसके पिता ने मां को तलाक दे दिया था। 2012 में दूसरी शादी कर ली। इसके बाद मां ने अपने हिस्से की संपत्ति मांगी, तभी से विवाद शुरू हो गया। 2022 में आकाश ने पिता के खिलाफ संपत्ति को लेकर कोर्ट में केस कर दिया। इसके बाद से पिता उस पर केस वापस लेने का दबाव बना रहे थे। माढ़ोताल थाना पुलिस ने मामला कायम कर जांच शुरू कर दी है। आकाश की शादी नहीं हुई है। माता-पिता के तलाक के बाद वह अपनी मां के साथ रह रहा है और प्राइवेट जॉब करता है। पिता हेमचंद की गांव में जमीन है। एक मकान भी है, जिसमें आकाश अपना हिस्सा मांग रहा है। हेमचंद और वंदना का 13 साल का एक बेटा है।

—————

(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे

Loving Newspoint? Download the app now