जम्मू, 21 अगस्त (Udaipur Kiran) । डोगरी संस्था जम्मू ने वीरवार को राइटर्स क्लब, के.एल. सहगल हॉल में डॉ. निर्मल विनोद की चार पुस्तकें खरा फकीरी ठाठ (सांस्कृतिक रचना संग्रह), समे दे खंडे पर (कविता संग्रह), कनियां सुन्ने दियां (कविता संग्रह) और रंग रंगीला भारत देश (गीत संग्रह) का विमोचन किया। कार्यक्रम में प्रो. आर.डी. शर्मा, पूर्व वाइस चांसलर, जम्मू विश्वविद्यालय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए, जबकि अध्यक्षता पद्मश्री प्रो. ललित मगोत्रा, प्रधान, डोगरी संस्था जम्मू ने की। कार्यक्रम की शुरुआत प्रो. वीणा गुप्ता के स्वागत भाषण से हुई। इस दौरान उन्होंने डॉ. निर्मल विनोद की साहित्यिक यात्रा पर प्रकाश डाला।
समारोह में विमोचित पुस्तकों पर विस्तृत पत्र वाचन पद्मश्री डॉ. जितेंद्र उधमपुरी, डॉ. बंसीलाल शर्मा, नरेंद्र भसीन, इंद्रजीत केसर और डॉ. रतन बसोत्रा ने किया। अपने पत्र वाचन में उन्होंने डॉ. निर्मल विनोद की साहित्यिक रचनाओं की विशेषताओं को रेखांकित किया। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. विनोद की लेखनी जीवन और समाज के गहन अनुभवों की सजीव अभिव्यक्ति है। उन्होंने डॉ. निर्मल विनोद के साहित्य को गहन चिंतन, रचनात्मकता और सामाजिक सरोकारों का संगम बताया।
मुख्य अतिथि प्रो. आर.डी. शर्मा ने कहा कि इन रचनाओं में डॉ. निर्मल विनोद की बहुआयामी प्रतिभा का स्पष्ट परिचय मिलता है। खरा फकीरी ठाठ उनकी सांस्कृतिक समझ और सामाजिक दृष्टि को सामने लाती है, जबकि समे दे खंडे पर और कनियां सुन्ने दियां में जीवन के विविध आयामों को कविता के माध्यम से सहज और प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया गया है। वहीं रंग रंगीला भारत देश गीत संग्रह के रूप में भारतीय संस्कृति की विविधता और एकता का उत्सव प्रस्तुत करता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पद्मश्री प्रो. ललित मगोत्रा ने कहा कि डॉ. निर्मल विनोद की कृतियाँ न केवल डोगरी भाषा-साहित्य को समृद्ध करती हैं, बल्कि विभिन्न भाषाओं और संस्कृतियों के बीच संवाद का सेतु भी स्थापित करती हैं। उनकी लेखनी में जीवन की सहजता, सामाजिक यथार्थ और सांस्कृतिक विविधता का सजीव चित्रण मिलता है।
कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन युवा डोगरी लेखक व रंगकर्मी पवन वर्मा ने किया। इस अवसर पर साहित्य, कला और संस्कृति से जुड़े अनेक प्रतिष्ठित लेखक, कवि, समीक्षक, साहित्य प्रेमी तथा डॉ. विनोद के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
(Udaipur Kiran) / राहुल शर्मा
You may also like
ब्रैड पिट की फिल्म 'F1' का OTT पर रिलीज़ डेट और विवरण
ड्रीम स्पोर्ट्स ने रियल मनी गेमिंग संचालन बंद करने का निर्णय लिया
CM विष्णु देव साय के ग्लोबल आउटरीच मिशन की शुरूआत; 10 दिवसीय विदेश दौरे पर जापान और साउथ कोरिया की करेंगे यात्रा
UP : बुलंदशहर में ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, 2 भाइयों की मौत, ट्रक चालक हुआ फरार
प्राइम वीडियो पर 'कुल्पा नुस्त्रा' का प्रीमियर 16 अक्टूबर 2025 को