भोपाल, 29 जुलाई (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि भाजपा विचारधारा आधारित पार्टी है। देश की जनता हमें इसलिए सेवा का अवसर प्रदान करती है, क्योंकि हम देश प्रथम और स्वयं को गौण रखकर कार्य करते हैं। मध्य प्रदेश में पार्टी का आदर्श संगठन है, जिसकी शक्ति को पूरे देश ने पिछले विधानसभा और वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में देखा है।
शिवप्रकाश मंगलवार शाम को भाजपा विधायक दल की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की सरकार जनता के हितों को ध्यान में रखकर अधिकांश निर्णय कर रही है। हमें भी अपने क्षेत्र की जनता के हितों के लिए उनके बीच जाकर, जनता से विचार-विमर्श कर क्षेत्र के विकास की योजनाएं बनानी हैं। साथ ही केंद्र सरकार और मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार की योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को उन योजनाओं का लाभ दिलाना है। कांग्रेस अपनी करनी से रसातल की ओर बढ़ रही है। जनता और क्षेत्र के विकास के लिए और क्या बेहतर हो सकता है इसको लेकर कार्य करें और रणनीति बनाएं।
उन्होंने कहा कि हमें अपने आचरण और व्यवहार से जनता का दिल जीतना है। अपने-अपने बूथ में लोगों को और अधिक संख्या में जोड़कर सशक्त बनाना हमारी पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। मध्यप्रदेश की सरकार एक आदर्श सरकार बनें, इसके लिए विधायकगणों को अपने-अपने क्षेत्रों का चहुंमुखी विकास करने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए भी काम करना होगा।
क्षेत्र का विकास कराएं और जनता को उपलब्धियों का लेखा-जोखा बताएं: डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाकर उन्हें लाभान्वित करना है। क्षेत्र के विकास में सरकार की ओर से जो भी कार्य अपेक्षित होंगे उसकी रणनीति बनाकर कार्य करें। जनप्रतिनिधिगण भाजपा सरकार और अपने क्षेत्र में किए गए कार्यों का लेखा जोखा बनाकर जनता के सामने रखें और बताएं कि भाजपा सरकारें जनता के हितों के लिए कार्य कर रही हैं। मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार कई बड़ी योजनाएं चला रही है और कई उल्लेखनीय फैसले लिए हैं, जो मध्य प्रदेश को नए मुकाम तक पहुंचाएंगे। आप सभी क्षेत्र के लोगों को प्रोत्साहित करें और उन्हें सरकार की इन निवेश योजनाओं की जानकारी देकर सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाएं। हमें जनता के हितों के लिए कार्य कर क्षेत्र में अपनी पकड़ और मजबूत करनी है।
जनता से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराएं: खण्डेलवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि विधायकों पर क्षेत्र की समस्याओं का निदान करने के साथ ही सरकार के कामकाज को जनता तक पहुंचाने की दोहरी जिम्मेदारी है। हमें संगठन और सरकार द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारियों पर खरा उतरना है। केन्द्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाकर संगठन द्वारा सौंपे गए विभिन्न कार्यक्रमों को शत प्रतिशत करना है। आप सभी जनप्रतिनिधियों को अपने क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं को प्राथमिकता के साथ पूरा करना है, ताकि जनता की सेवा में कमी न आने पाए। जिलों में सांसद, विधायक और जिला अध्यक्ष आपस में चर्चा कर आवश्यक कार्यों को प्राथकिता तय कर उन्हें पूरा कराएं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार संपूर्ण मध्य प्रदेश के हर क्षेत्र का विकास कर रही है। भाजपा सरकारों द्वारा जनता के लिए बड़ी संख्या में कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही है, जिसका पूरा लाभ मिले, इसकी चिंता क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को भी करना है। गांव-गांव जाकर जनता से संपर्क कर उनसे चर्चा करें और जिस क्षेत्र में जिस प्रकार के विकास कार्य की आवश्यकता महसूस हो, वहां के लिए प्रयास किया जाएं। हम सबको मिलकर प्रदेश की जनता के विकास की चिंता करनी है।
भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि आप सभी विधायक केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का जन-जन तक प्रचार-प्रसार में महती भूमिका निभाएं। विधानसभा में भाजपा के विधायकों ने अपने-अपने विषय रखे वह पूरे सदन सहित हम सबको गौरवान्वित करने वाला है। देश में 2315 विधायक एनडीए के हैं और भाजपा के 1656 विधायक है। 181 एमएलसी एनडीए के हैं और 165 भाजपा के हैं। दोनों मिलाकर भाजपा के 2496 विधायक हैं, वहीं मध्य प्रदेश में 164 विधायक हैं। मध्य प्रदेश के विधायकों का संदेश प्रदेश के लिए ही नहीं पूरे देश भर के विधायकों के लिए है। निश्चित रूप से मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। हमें जनता की सेवा के साथ संगठन को मजबूत करने के लिए भी हमेशा तत्पर रहकर कार्य करना है। बैठक को भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने भी संबोधित किया।
(Udaipur Kiran) तोमर
You may also like
दिल्ली पुलिस ने ढूंढ निकाले सलमान खान के जबरा फैन, ऑनलाइन गेम और जुनून की कहानी
नीतीश जी आप तो ऐसे ना रहे! भतीजे तेजस्वी का सता रहा डर या BJP का है प्रेशर
Crime: डॉलर एक्सचेंज का लालच देकर महिला से ठगी, 1 लाख रुपये लेकर फरार, एपीएमसी थाने में मामला दर्ज
रूस में भूकंप के बाद इंडोनेशिया ने तटीय क्षेत्रों में सुनामी की चेतावनी जारी की
रांची में स्कूली छात्रा का अपहरण, पुलिस दबिश के बाद सकुशल बरामद