Next Story
Newszop

सारा यूक्रेन हमारा... पुतिन ने अब जेलेंस्की के पूरे देश पर ही ठोका दावा, एक और शहर पर कब्जा करने की धमकी

Send Push
मॉस्को: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बड़ा बयान देते हुए पूरे यूक्रेन पर दावा ठोंक दिया है। सेंट पीटर्सबर्ग में रूस के प्रमुख आर्थिक मंच पर बोलते हुए पुतिन ने यूक्रेन पर लंबे समय से चले आ रहे दावे को दोहराया और कहा कि रूसी और यूक्रेनवासी 'एक लोग' हैं। उन्होंने कहा कि इस अर्थ में 'पूरा यूक्रेन हमारा है।' इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यूक्रेनी शहर सुमी पर रूसी सेना के नियंत्रण करने की संभावना से इनकार नहीं करते हैं। यूक्रेन ने इन टिप्पणियों की निंदा की है और इसे पुतिन का पागलपन कहा है।



पुतिन ने कहा, 'हमारे पास एक कहावत है- जहां रूसी सैनिक का पैर पड़ता है, वह हमारा होता है।' यूक्रेन पर अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि रूस ने कभी भी यूक्रेन की संप्रभुता के अधिकार पर संदेह नहीं किया है। लेकिन यह भी कहा कि यूक्रेन ने 1991 में एक तटस्थ राज्य के रूप में स्वतंत्रता की घोषणा की थी। पुतिन ने कहा कि रूस की सेना रूसी क्षेत्र पर हमलों को रोकने के लिए यूक्रेन के उत्तरपूर्वी सुमी क्षेत्र में एक बफर जोन स्थापित कर रही है। उन्होंने इस संभावना से इनकार नहीं किया कि रूसी सेना अंततः सुमी शहर पर कब्जा कर लेगी।



यूक्रेन के सरेंडर को लेकर भी बोले पुतिन

उन्होंने अपनी मांग दोहराई की कीव मॉस्को के क्षेत्रीय लाभ की वास्तविकताओं को स्वीकार करे और नाटो में शामिल होने की योजना त्याग दे। पुतिन ने कहा, 'हम यूक्रेन के आत्मसमर्पण की मांग नहीं कर रहे हैं। हम चाहते हैं कि वे जमीनी सच्चाई को पहचानें।' उन्होंने कहा कि मॉस्को ने बार-बार कीव को समझौता करने की चेतावनी दी है।





यूक्रेन ने पुतिन को बयान को बताया पागलपन

पुतिन ने कहा, 'हमारा सुमी पर कब्जा करने का कोई इरादा नहीं है, लेकिन सैद्धांतिक रूप से मैं इसे खारिज नहीं करता। वे लगातार हमारे लिए खतरा बने हुए हैं और सीमावर्ती क्षेत्रों पर गोलीबारी कर रहे हैं।' यूक्रेन की विदेश मंत्री एंड्री सिबिगा ने पुतिन की टिप्पणियों को 'पागलपन' बताया और रूस के खिलाफ कठोर प्रतिबंध का आह्वान किया। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, 'रूस को शांति के लिए मजबूर करने का एकमात्र तरीका उसके अंदर से सजा से बच जाने की भावना को खत्म करना है।'

Loving Newspoint? Download the app now