अगली ख़बर
Newszop

ईसाई से हिंदू बने 240 परिवार, 'जय श्री राम' के नारों से हुई घर वापसी, बीमारी और जादू-टोने के नाम पर हुआ था धर्म परिवर्तन

Send Push
रायपुर: गुढ़ियारी में रामानंदाचार्य स्वामी नरेंद्राचार्य महाराज के प्रवचन शिविर में 240 ईसाई परिवारों ने मंत्रोच्चार के साथ हिंदू धर्म में वापसी की। प्रबल प्रताप जुदेव ने पैर पखारकर उनका स्वागत किया। इन परिवारों ने अपनी समस्याओं से निजात पाने के लिए ईसाई धर्म अपनाया था। यह आयोजन शनिवार को गुढ़ियारी स्थित दही हांडी मैदान में हुआ। स्वामी नरेंद्राचार्य महाराज के प्रवचन, दर्शन एवं समस्या मार्गदर्शन शिविर में यह दृश्य देखने को मिला। एक साथ 240 परिवारों ने अपने मूल हिंदू धर्म में घर वापसी की। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और हवन से हुई। सभी परिवारों ने इसमें आस्था और भावनाओं के साथ हिस्सा लिया।

'जय श्री राम' के लगे उद्गोष
बताया गया कि ये परिवार करीब आठ से दस वर्ष पहले ईसाई धर्म अपना चुके थे। अब वे पुनः अपने सनातन धर्म में लौट आए हैं। घर वापसी समारोह में संस्थान के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने स्वयं चरण पखारकर और माला पहनाकर सभी परिवारों का स्वागत किया। स्वामी नरेंद्राचार्य महाराज के सान्निध्य में यह भावनात्मक आयोजन हुआ। उपस्थित लोगों ने ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष के साथ एक बार फिर अपने देवी-देवताओं की पूजा करने का संकल्प लिया। पूरा मैदान धर्म, भक्ति और पुनः जागृत आस्था के वातावरण से गुंजायमान रहा।


इसलिए अपनाया ईसाई धर्म

मोहला मानपुर के देवांगन परिवार के बच्चों के बार-बार बीमार रहने से परेशान होकर करीब आठ साल पहले एक परिवार ने कुछ परिचितों और पड़ोसियों की सलाह पर चर्च जाना शुरू किया था। बावजूद इसके स्थिति में सुधार नहीं हुआ। लगातार कठिनाइयों का सामना करने के बाद परिवार ने अब अपने मूल धर्म में लौटने का निर्णय लिया है। रायपुर में आयोजित घर वापसी कार्यक्रम की जानकारी मिलने पर उन्होंने इसमें शामिल होकर पुनः अपने सनातन धर्म को अपनाया। परिवार ने बताया कि अब उन्हें मन की शांति और आत्मिक संतोष की अनुभूति हो रही है।

रायपुर में हुआ आयोजन
निषाद परिवार के एक सदस्य ने करीब दो साल पहले कुछ लोगों की बातों में आकर ईसाई धर्म अपना लिया था। परिवार ने इस परिवर्तन का विरोध किया, लेकिन भाई अपने निर्णय पर अडिग रहा। इसके चलते समाज ने परिवार को बहिष्कृत कर दिया। इस दौरान समाज के पदाधिकारियों ने उन्हें जानकारी दी कि रायपुर में घर वापसी का कार्यक्रम आयोजित हो रहा है। परिवार ने कार्यक्रम में शामिल होकर पुनः अपने मूल धर्म में लौटने का निर्णय लिया। अब समाज ने भी उन्हें पुनः स्वीकार कर लिया है, जिससे परिवार ने राहत की सांस ली है।

चर्च जाने के बाद भी नहीं हुआ सुधार
उरकुरा गांव (कांकेर) के कुछ लोगों ने बीमारी से राहत पाने के लिए चर्च जाने की सलाह दी थी। उन्होंने बताया था कि वहां किसी प्रकार का खर्च नहीं होता, जरूरत पड़ने पर सहायता भी दी जाती है। इसी बातों में आकर तीन साल पहले एक परिवार ने चर्च जाना शुरू किया। परिवार के मुखिया ने बताया कि चर्च जाने के बाद भी बीमारी में कोई सुधार नहीं हुआ, बल्कि अब उन्हें एहसास हुआ कि उन्होंने अपनी परंपराओं से दूरी बना ली थी। ऐसे में उन्होंने रायपुर में आयोजित घर वापसी कार्यक्रम में शामिल होकर पुनः अपने मूल धर्म को अपनाने का निर्णय लिया है।

पूजा करने से करते थे मना
नर्राटोला (बालोद) के नायक परिवार ने बताया कि बीमारी से परेशान होकर उन्होंने तीन साल पहले चर्च जाना शुरू किया था। गांव के कुछ अन्य नागरिकों को देखकर उन्होंने यह निर्णय लिया था। परिवार के सदस्यों ने बताया कि चर्च में ईसाई धर्म की बातें सिखाई जाती थीं और हिंदू देवी-देवताओं से दूरी बनाने की सलाह दी जाती थी। यहां तक कि घर के देवी-देवताओं की पूजा करने से भी रोका जाता था और केवल अपने धर्मगुरुओं का नाम जापने को कहा जाता था। अब परिवार ने रायपुर में आयोजित घर वापसी कार्यक्रम में शामिल होकर पुनः अपने मूल सनातन धर्म को अपनाने का निर्णय लिया है।
न्यूजपॉईंट पसंद? अब ऐप डाउनलोड करें